छोटे गांव की बड़ी उड़ान, हेलीकॉप्टर से निकली बारात, बरौहा की शादी बनी चर्चा।

रीवा जिले के एक छोटे से गांव ने बड़ी उड़ान भर ली है। कार या घोड़ी नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से निकली बारात ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जवा तहसील के ग्राम बरौहा में हुई यह शाही शादी अब सोशल मीडिया पर छाई हुई है। मामला बरौहा गांव का है, जो जवा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरैला में आता है। यहां निवासी राकेश सिंह बघेल के पुत्र अमित सिंह बघेल की बारात 26 फरवरी को हेलीकॉप्टर से निकली। हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और सीधे जतरी गांव, नगर परिषद डभौरा क्षेत्र में लैंडिंग की। गांव में पहली बार इस तरह की बारात देखने को मिली। हेलीकॉप्टर की गूंज के साथ जैसे ही दूल्हे राजा उतरे, पूरा गांव उमड़ पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस नजारे को मोबाइल में कैद करता दिखा। शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसे “रीवा की शाही शादी” बता रहे हैं। दूल्हे अमित सिंह बघेल का कहना है कि यह उनके पिता की वर्षों पुरानी इच्छा थी कि जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर बसे छोटे से गांव की पहचान बन सके। परिवार भले ही 1994 से पुणे में उद्योग स्थापित कर चुका हो, लेकिन अपनी मिट्टी से जुड़ाव ने इस खास पल को जन्म दिया। हेलीकॉप्टर से निकली यह बारात अब पूरे सिरमौर क्षेत्र में चर्चा का विषय है। छोटे गांव की यह बड़ी उड़ान लोगों के लिए यादगार बन गई है।

बाइट: अमित सिंह बघेल (दूल्हा)।