October 29, 2026 09:49 AM
1 min read
1 views
राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों को नहीं मिली किट, आनन-फानन में देकर फिर वापस ली
भोपाल से किट नहीं पहुंचने के कारण खिलाड़ियों को हुई परेशानी, आयोजन की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
उमरिया। जिले में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को खेल किट उपलब्ध नहीं हो सकी। यह कोई पहली बार की घटना नहीं है पहले भी ऐसा हो चुका है राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के दौरान किट को लेकर अव्यवस्था सामने आई। जानकारी के अनुसार, भोपाल से खिलाड़ियों के लिए किट नहीं पहुंचने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को अमर शहीद स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे बड़े आयोजन में खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्री और व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन किट नहीं मिलने से आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को किट उपलब्ध कराने के लिए आनन-फानन में कुछ किट खेलने के लिए दी गईं, लेकिन बाद में उन्हें वापस ले लिया गया। इस घटनाक्रम से खिलाड़ियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों को समय पर किट उपलब्ध नहीं होना आयोजन प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
अब सवाल यह है कि जब प्रतियोगिता की तारीख पहले से निर्धारित थी, तो खिलाड़ियों के लिए जरूरी किट की व्यवस्था समय रहते क्यों नहीं की गई? भोपाल से किट नहीं पहुंचने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? खिलाड़ियों को सुविधा देने के बजाय उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना क्यों करना पड़ा?
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता है, ताकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
*इनका कहना है*
जब हमने इस विषय पर स्कूल शिक्षा विभाग क्रीड़ा अधिकारी शेख सलीम से बात की तो उनका कहना है भोपाल से अभी किट नहीं पहुंची है लेकिन हमने खिलाड़ियों के लिए अपने से किट खरीद के दी है।
जब हमने इस विषय पर खिलाड़ीयों से बात की तो उनका कहना है हम अपने जूते पहनकर खेल रहे हैं अधिकारियों ने बताया है कि अभी किट भोपाल से नहीं आया है जब आएगा तो आपको मिल जाएगा खेलने के लिए हमें किट दिया गया लेकिन खेल खत्म होते ही वापस ले लिया गया।