पंकज सिंह की पैकारियों पर एसडीएम की कार्यवाही

जिले में जिस तरह से अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है उससे तो यही लगता है कि आबकारी विभाग और ठेकेदार के बीच वैध शराब के साथ साथ अवैध शराब के लिए भी ठेका हुआ है, तभी तो कार्यवाही में इतनी बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी जा रही है। किराना दुकान से लेकर गली कूचों और होटल, ढाबों पर बिक रही अवैध शराब के लिए किसको जिम्मेदार माना जायेगा यह कोई नहीं बता पा रहा है, हालांकि पंकज सिंह नामक एक व्यक्ति इन दिनों जिला मुख्यालय और उससे लगे नजदीकी गांवों में पैकारी करा रहा है, जिस पर एसडीएम बांधवगढ़ ने चाबुक चला दिया और याद भी दिला दिया कि आबकारी और पुलिस से बच सकते हो पर मुझसे नहीं। अवैध शराब के लिए आबकारी और पुलिस से ही उम्मीद लगाई जा सकती है, परंतु हाइवे से लेकर गांव तक में इस तरह की कार्यवाही का होना नशे के खिलाफ चल रही सरकार की जंग को चुनौती देने जैसा है। गत दिवस बांधवगढ़ एसडीएम ने कार्यवाही करते हुए कई दुकानों और होटल, ढाबों पर छापेमारी की है, जिसमें लगभग 42 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई है, इस शराब को आबकारी विभाग के जिम्मेदारों को सौंपा गया है। वहीं जिले की कलेक्टर ने नशे के खिलाफ चल रही जन जागरुकता को गति देने के साथ साथ नशे के खिलाफ कार्यवाही के भी आदेश दिये हैं मगर मजाल है कि आबकारी और पुलिस इस जतन में जुटे।