पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ निकली भव्य प्रभात फेरी

​मुंगावली। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव 'रामनवमी' के पावन अवसर पर शुक्रवार को नगर में भक्ति और उत्साह का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। स्थानीय मलखावनी बावड़ी स्थित प्राचीन जगदीश स्वामी मंदिर से एक विशाल एवं भव्य प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ लिया।

जगदीश स्वामी मंदिर से हुआ शंखनाद

​प्रभात फेरी का शुभारंभ सुबह मलखावनी बावड़ी स्थित जगदीश स्वामी मंदिर से होकर यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। पूरी प्रभात फेरी के दौरान वातावरण 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। अंत में यह यात्रा पुनः जगदीश स्वामी मंदिर पहुँचकर संपन्न हुई।

डीजे की धुन और ढोल-नगाड़ों पर थिरके भक्त

​प्रभात फेरी का मुख्य आकर्षण भगवान श्री राम की मनमोहक और आकर्षक झांकी रही जिसके दर्शन के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी झूमते-नाचते नजर आए। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सांप्रदायिक सौहार्द की दिखी मिसाल

​नगर की इस प्रभात फेरी में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का अनूठा दृश्य देखने को मिला। जगह-जगह मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। वहीं जैन समाज द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार लगाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। रामलीला मंच पर जैन समाज के प्रतिनिधियों ने भगवान श्री राम की आरती उतारी और विशेष पूजन कर धर्म लाभ लिया।

जगह-जगह हुआ स्वागत और आतिशबाज

​पूरी यात्रा के दौरान नगरवासियों में भारी उत्साह देखा गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और कई स्थानों पर भव्य आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं। विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा शीतल जल, शरबत और फल-प्रसाद का वितरण कर प्रभात फेरी में चल रहे भक्तों की सेवा की गई।