सोयाबीन का बीज लेने गया किसान नहीं लौटा घर, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दर्दनाक मौत
सीहोर - अहमदपुर।
खेती की तैयारियों के बीच एक किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार को खाईखेड़ा गांव के किसान घनश्याम दांगी पिता स्व : देवी सिंह दांगी उम्र 38 बर्ष की ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना में मौत हो गई। सुबह घर से फसल की तैयारी के लिए निकले घनश्याम के परिजनों को यह नहीं पता था कि उनका अपना कभी वापस नहीं लौटेगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घनश्याम दांगी पिता देवी सिंह दांगी निवासी खाईखेड़ा अपने गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर हथियाखेड़ा गाँव सोयाबीन का बीज लेने गए थे। खरीफ सीजन की बोवनी की तैयारी चल रही थी और परिवार नई फसल की उम्मीदों में जुटा था।
इसी दौरान सिकंदरपुर रोड पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि घनश्याम दांगी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजन बदहवास होकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
गांव में जैसे ही घनश्याम की मौत की खबर पहुंची, घर में मातम छा गया। जिन हाथों से खेतों में नई फसल बोने की तैयारी हो रही थी, वे हमेशा के लिए थम गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गम का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि खेती-किसानी के संघर्षों के बीच सड़क पर एक छोटी सी चूक भी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। घनश्याम दांगी के परिवार के लिए यह नुकसान सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि घर के सहारे और भविष्य की उम्मीदों के टूटने जैसा है।
Continue With Google
Comments (0)