मुंगावली के 'नगर गौरव' को श्रद्धांजलि: अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की 95वीं पुण्यतिथि
मुंगावली। निर्भीक पत्रकारिता के पुरोधा और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक, अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी की 95वीं पुण्यतिथि आज मुंगावली में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। विद्यार्थी जी ने 25 मार्च 1931 को अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस अवसर पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वाधान में नगर के विद्यार्थी चौराहा (इमली चौराहा) पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावांजलि दी जाएगी।
मुंगावली की माटी से विद्यार्थी जी का गहरा नाता
गणेश शंकर विद्यार्थी जी का बचपन मुंगावली की गलियों में बीता था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तत्कालीन अंग्रेजी शासन काल के एंग्लो वर्नाक्यूलर स्कूल (वर्तमान मिडिल स्कूल, बहादुरपुर रोड) से प्राप्त की थी। मुंगावली की इसी माटी ने उनके व्यक्तित्व की नींव रखी थी, और यही कारण है कि नगरवासी उन्हें अपना 'नगर गौरव' मानते हैं। हर वर्ष उनकी जन्म जयंती और पुण्यतिथि को विशेष गर्व के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम का आयोजन
आज 25 मार्च 2026 को सुबह 9:00 बजे मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वाधान में प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार साथी विद्यार्थी चौराहा पर एकत्रित होंगे। कार्यक्रम के दौरान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा और उनके आदर्शों व कलम की ताकत को याद किया जाएगा।
आइए, हम सब मिलकर इस महान विभूति की स्मृति में उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लें और समाज में सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश फैलाएं।

Continue With Google
Comments (0)