गुना पुलिस का साइबर जागरूकता मिशन ‘सेफ क्लिक-2026’
जिलेभर में पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
साइबर अपराधों से सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल उपयोग के लिए आमजन को किया जागरूक
गुना पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और आम जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के लिए 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक-2026” शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तीसरे दिन, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग सेंटरों, हाट-बाजारों, अस्पतालों, कियोस्क सेंटर, मेडिकल शॉप और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। जनसंवाद के माध्यम से लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, डिजिटल सुरक्षा और साइबर ठगी से बचने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी जा रही है।
- रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय और कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक विकाश उपाध्याय द्वारा जिला अस्पताल परिसर में जनसमूह को जागरूक किया गया।
- यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह ने जयस्तम्भ चौराहे के आसपास व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर जागरूकता फैलाई।
- महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फिरदोस तबस्सुम ने गुना रेलवे स्टेशन पर अपने स्टाफ के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
- साइबर सेल टीम ने शहर में संचालित कियोस्क सेंटर और मेडिकल शॉप पर जागरूकता फैलाई।
- फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी ने फतेहगढ़ के शासकीय कन्या छात्रावास और एसबीआई एटीएम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
- जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा ने जामनेर कस्बे में ऑनलाइन दुकान और कियोस्क सेंटर पर जागरूकता फैलाई।
- धरनावदा थाना पुलिस ने रूठियाई में एसबीआई बैंक और एटीएम के पास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी और आधार संबंधी जानकारी साझा न करने, सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, पॉलिसी फ्रॉड, गेमिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल और अन्य साइबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर जागरूकता संबंधी पोस्टर और पंपलेट वितरित किए गए और उनसे अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
गुना पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।

Continue With Google
Comments (0)