गंगेव और गढ़ में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
गंगेव/गढ़। जनपद पंचायत गंगेव अंतर्गत आज देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शासकीय बालक उत्कृष्ट विद्यालय गंगेव में आयोजित तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों एवं युवा साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों और नागरिकों ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश दिया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत गढ़ में भी संयुक्त रूप से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़, शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय गढ़, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय गढ़ एवं ग्राम पंचायत गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मंनगवा विधायक नरेंद्र प्रजापति, जनपद पंचायत गंगेव अध्यक्ष विकास तिवारी, जनपद सदस्य प्रेमवती सोनी, जनपद सदस्य विष्णु पटेल, सरपंच गोविंद कचेरा, सहेवा सरपंच जगत नारायण, जनपद पंचायत गंगेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्राची चौबे सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा साथी, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए राष्ट्रहित में सदैव आगे बढ़ने का संदेश दिया।
भव्य तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का वातावरण बना रहा। गंगेव एवं गढ़ क्षेत्र में आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने लोगों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को और मजबूत किया।
Continue With Google
Comments (0)