*हनुमान जयंती पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल को किया गया ब्रीफ* गत दिनांक 02 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा पुलिस लाईन गुना में एकत्र समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग ली गई । ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए । उन्होंने निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों, जुलूसों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए । उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए । पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संयमित व्यवहार रखने की समझाइश दी गई, जिससे नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सके । गुना पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, अफवाहों से बचें एवं प्रशासन का सहयोग करें ।