शैक्षणिक संस्थानों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा हरियाली महोत्सव: डॉ मुकेश येंगल
रीवा। आगामी 1 जुलाई से रीवा नगर में हरियाली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी शैक्षणिक संस्थान सक्रिय रूप से भाग लेंगे। पर्यावरण एवं पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ मुकेश येंगल ने जानकारी दी कि इस महोत्सव के तहत पौधारोपण के लिए संस्थानों में स्थान चयन और पौधों की संख्या का आकलन किया जाएगा।
नगर पालिक निगम रीवा के निर्देशन में राज्य आनंद संस्थान, रिएक्ट संस्था और अन्य संगठनों के सहयोग से मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में यह पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा।
डॉ येंगल ने बताया कि पहले भी, विशेष रूप से 1995, 2009, 2017 और 2020 के कोरोना काल में, व्यापक पौधारोपण के प्रयासों ने रीवा नगर को हरियाली से समृद्ध किया है। आज, नगर में दो नगर वन और 25 से अधिक शैक्षणिक संस्थान हरे-भरे हैं, जिनमें वन विभाग, नगर पालिक निगम, राज्य आनंद संस्थान, रिएक्ट संस्था, विश्वविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज के योगदान शामिल हैं।
उन्होने कहा कि इस बार भी संभागीय और जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर इस महोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा।
डॉ येंगल ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों से अपील की कि वे अपने परिसरों की स्थिति की जानकारी दें और रीवा नगर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में पूरे जोश के साथ भागीदारी करें।
इस पहल का उद्देश्य न केवल नगर को पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाना है, बल्कि भावी पीढ़ी को एक स्वस्थ वातावरण देना भी है।
Continue With Google
Comments (0)