सीहोर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला, 25 एकड़ भूमि मुक्त
रिपोर्ट: बसीम उददीन
सीहोर में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए रायपुर क्षेत्र में लगभग 25 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई में प्रशासन ने कॉलोनी में बनाए गए सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, जहां अवैध कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया गया। बुलडोजर की मदद से कॉलोनी में बनाई गई सड़कें, प्लॉटिंग के निशान, बाउंड्रीवॉल सहित कई अस्थायी और स्थायी संरचनाएं तोड़ दी गईं।
सूत्रों के अनुसार, कॉलोनी माफिया बिना किसी वैधानिक अनुमति और स्वीकृति के 25 एकड़ जमीन पर कॉलोनी तैयार कर रहा था। प्लॉट बेचने के लिए लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए जा रहे थे, लेकिन मौके पर सड़क, पानी, बिजली, नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं का कोई इंतजाम नहीं था।
प्रशासनिक जांच में यह सामने आया कि कॉलोनी निर्माण के लिए संबंधित विभागों से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया गया।
तहसीलदार ने कहा, "सीहोर में अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
प्रशासन की इस कार्रवाई ने अवैध निर्माणकर्ताओं को एक कड़ा संदेश दिया है और स्थानीय निवासियों को राहत प्रदान की है।

Continue With Google
Comments (0)