बड़वानी। अमूमन विदेशों में ड्रेनेज लाइन में रंगीन मछलियां विचरण करते हुए सोशल मीडिया पर दिखाई देती हैं, लेकिन ऐसा ही मामला पहली बार शहर में देखने को मिला। शहर के कारंजा के समीप कन्या शाला स्कूल के पास नाली में मंगलवार दोपहर एक रंगीन मछली देखकर आसपास दुकान लगाने वाले आश्चर्यचकित रह गए। नींबू शिकंजी दुकानदार सीताराम प्रजापति ने बताया कि उनकी नजर नाली में पड़ने पर करीब दो इंच की लाल-काले रंग की मछली पर पड़ी। उन्होंने डिस्पोजल की मदद से नाली में से मछली को निकाला और डिस्पोजल में अच्छा पानी डालकर उसे बड़े बर्तन में डाला। प्रजापति के अनुसार ऐसी मछलियां घरों पर कांच में रखे जाने वाले शो पीस जार में देखने को मिलती हैं। कहीं से नाली में बहकर आ गई होगी।