खकनार हाट बाजार में परिवार से बिछड़ी 4 वर्षीय बच्ची को FRV-08 टीम ने त्वरित कार्रवाई कर परिजनों से मिलाया

 दिनांक 24 अगस्त 2026 को दोपहर 3:51 बजे डायल-112 पर इवेंट के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि खकनार हाट बाजार में करीब 4 वर्ष की एक बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई है। बच्ची अपना नाम एवं पता बताने में असमर्थ थी।

सूचना मिलते ही FRV-08 थाना खकनार की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ एवं परिजनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्राम निमनदड़ निवासी एक महिला ने बच्ची को पहचान लिया और उसके घर की जानकारी देने में पुलिस टीम की सहायता की।

महिला की मदद एवं पुलिस टीम के प्रयासों से बच्ची के परिजनों का पता लगाया गया। इसके बाद बच्ची को उसके पिता संजय पिता बंडु राठौर, निवासी ग्राम निमनदड़ को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

बच्ची को सकुशल अपने परिवार के बीच पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा डायल-112 टीम की तत्परता एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

इस पूरी कार्रवाई में डायल 112 ऑपरेटर आरक्षक कुंदन, थाना खकनार आरक्षक स्वराज भयड़िया, एवं FRV-08 पायलट अनूप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डायल-112 की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता किसी परिवार के लिए कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।