उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद बिजली बिल वसूली में तेजी, 223 बकायादारों के कनेक्शन काटे
54.33 लाख रुपये की बकाया राशि, शहर के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी सख्ती
लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय, बड़े बकायादारों पर कुर्की की तैयारी
टीकमगढ़। बिजली बिलों की बकाया राशि की वसूली को लेकर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद विद्युत विभाग ने टीकमगढ़ में अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 223 बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। इन उपभोक्ताओं पर कुल 54.33 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। शहर के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विभाग के अनुसार बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं को विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 56 के तहत निर्धारित अवधि का नोटिस दिया जाता है। इसके बावजूद निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर विद्युत कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में अभियान और तेज होगा। अगले चरण में टॉप-10 बड़े बकायादारों के नाम और उन पर बकाया राशि की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी।
कनेक्शन काटे जाने के बाद बिना वैधानिक प्रक्रिया के दोबारा बिजली का उपयोग पाए जाने पर विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 सहित लागू प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
कनेक्शन काटने के बाद भी बिल नहीं भरा तो कुर्की तक की कार्रवाई
बकाया वसूली की कार्रवाई केवल बिजली कनेक्शन काटने तक सीमित नहीं रहेगी। मध्यप्रदेश शासन की 18 जुलाई 2000 एवं 28 फरवरी 2004 की अधिसूचनाओं के तहत विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से लेकर कनिष्ठ अभियंता स्तर तक के अधिकारियों को बकाया विद्युत राशि की वसूली के लिए तहसीलदार की शक्तियां प्रदान की गई हैं। इसके तहत मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता की धारा 146 एवं 147 के अंतर्गत बिजली बिल की बकाया राशि को भू-राजस्व के बकाया के रूप में वसूल किया जा सकता है। कनेक्शन विच्छेदन के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की सहित अन्य वैधानिक वसूली कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
लक्ष्य नहीं मिला तो अधिकारियों की जवाबदेही भी होगी तय
उच्च स्तरीय समीक्षा में बकाया वसूली के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वसूली अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी और लक्ष्य प्राप्ति में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मैदानी स्तर पर वसूली और कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई में तेजी आई है।
कार्यपालन अभियंता की अपील
कार्यपालन अभियंता सुधीर सोनी ने बताया कि सोमवार को शहर में 223 बकायादारों के कनेक्शन काटे गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बकाया वसूली को लेकर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने सभी बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय-सीमा में अपना बकाया बिजली बिल जमा करें और कनेक्शन विच्छेदन तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई से बचें।
Continue With Google
Comments (0)