बड़वानी शहर से सटी कृष्णा स्टेट कॉलोनी के रहवासियों ने रविवार को मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि वर्षों से यहां रहने के बावजूद उन्हें पक्की सड़क, नाली, नियमित कचरा उठान और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इससे उन्हें दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी लगभग दो दशक पुरानी है और इसमें 600 से अधिक मकान हैं। इसके बावजूद विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। अधिकांश सड़कें कच्ची हैं और उनमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों दोनों को परेशानी होती है।
प्रदर्शन के दौरान, कॉलोनी निवासी वीरेंद्र कुशवाह की कार एक बड़े गड्ढे में फंस गई, जिसे अन्य लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी। निवासियों ने यह भी बताया कि जल्द ही गणगौर का पर्व आने वाला है। हर साल इसी मार्ग से माता की सवारी निकाली जाती है, लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण धार्मिक आयोजन प्रभावित होने की आशंका है। कॉलोनी की सीवरेज व्यवस्था भी बदहाल है। कई स्थानों पर लाइनें चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं। इससे क्षेत्र में बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। कचरा वाहन के नियमित रूप से नहीं आने के कारण लोग खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे कचरा फेंकने को मजबूर हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी का माहौल बन गया है। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कॉलोनी की समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी हैं और संबंधित विभागों को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। जाधव ने रहवासियों की मांगों को जायज बताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। नगर पालिका का कहना है कि यह कालोनी ग्राम पंचायत बड़गांव के अंतर्गत आएंगी। इसमें निर्माण कार्य पंचायत द्वारा कराया जाएगा। नपा नहीं करवाएंगी। ग्राम पंचायत का कहना है कि नगर पालिका रोड़ बनवाएंगी।