अशोकनगर: कार में मिले युवक-युवती के लहुलुहान शव, पुलिस जांच में जुटी
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में गुरुवार को एक खौफनाक घटना उजागर हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। शहर से मात्र 10 किलोमीटर दूर एक सडक़ किनारे खड़ी संदिग्ध कार के भीतर एक युवक और युवती के लहुलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया।
घटनास्थल से मिले हथियारों और चोट के निशानों ने पूरे मामले को रहस्यमयी बना दिया है।
3 बजे पुलिस को मिली सूचना, खुला खौफनाक मंजर
देहात पुलिस को तड़के करीब 3 बजे सूचना मिली कि मुख्य मार्ग से दूर एक संदिग्ध कार काफी देर से सडक़ किनारे खड़ी है। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार के भीतर झांका, तो पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए। कार के अंदर खून से सने दो शव पड़े हुए थे।
क्रूरता की कहानी बयां कर रहे थे निशान
पुलिस के अनुसार, युवती के गले और पीठ पर धारदार हथियार से वार किए गए थे, जिससे उसका काफी खून बह चुका था। जबकि युवक के माथे पर सीधे गोली लगने का गहरा निशान था।
शवों की शिनाख्त के बाद मृतकों की पहचान अशोकनगर के निवासी ऋतिक सोनी (26 वर्ष) और मुस्कान जैन (24 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों के बीच पिछले 3 सालों से गहरा प्रेम संबंध था।
कार के अंदर मिला हथियारों का जखीरा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो वहां से एक पिस्टल और कुल्हाड़ी जैसा धारदार हथियार बरामद हुआ। एक ही गाड़ी में गोली मारने और गला रेतने वाले दोनों हथियारों का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
देहात पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देहात थाना पुलिस प्रभारी भुवनेश शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती तकनीकी जांच से ही इस सनसनीखेज मामले की असली सच्चाई सामने आएगी।
इस रहस्यमयी घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
Continue With Google
Comments (0)