मुलताई में गरज-चमक के साथ हुई बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता रबी की फसल काट कर है रखी खेतों में 

मुलताई । गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग द्वारा पहले ही बारिश का अनुमान जताया गया था, जो सही साबित हुआ। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, इस समय रबी फसलों की कटाई के बाद कई किसानों की उपज खेतों में ही रखी हुई है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से फसल खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।
इधर, बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।