गंगा जमुनी तहज़ीब का अनोखा संगम: सोहागपुर में रामनवमी जुलूस का मुस्लिम भाइयों ने किया भव्य स्वागत
शहडोल। जिले के सोहगपुर ने आज गंगा जमुनी तहज़ीब की एक उत्कृष्ट मिसाल पेश की, जब रामनवमी के अवसर पर रामजानकी मंदिर से निकले शोभायात्रा का सोहागपुर जामा मस्जिद के सामने हार्दिक स्वागत किया गया। मुस्लिम समुदाय ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की, शर्बत पिलाया और गले लगाकर बधाई दी।
रामनवमी के इस पावन अवसर पर मंदिर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल था। जैसे ही शोभायात्रा ने मस्जिद के सामने कदम रखा, वहां का दृश्य सभी के लिए अद्वितीय बन गया।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने शोभायात्रा का दिल से स्वागत किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ठंडा पानी और शरबत का वितरण किया गया और पुष्प वर्षा से शोभायात्रा का सम्मान किया गया।
इस अनूठे दृश्य ने सभी उपस्थित लोगों को खुशी से भर दिया। सोहागपुर ने एक बार फिर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। वर्षों पुरानी इस परंपरा को निभाते हुए, दोनों समुदायों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
- कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सूफियान खान, सफी उल्लाहन्नान खान, सज्जाद खान, अब्बास खान, भोले शंकर अग्रवाल, शहजादा, जुबैर, यासिफ, विक्की, पिंटू, नफीस, शादाब और जीशान सहित मुस्लिम समाज के दर्जनों युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सोहागपुर का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की एक प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

Continue With Google
Comments (0)