रायसेन जिले के ग्राम गीदगढ़ स्थित प्राचीन गुफा मंदिर पर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। भारी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर और पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में कलाकारों द्वारा भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम में भोपाल हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

आयोजन के दौरान जग-जग प्रसादी वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम के समय ग्राम बालमपुर से भव्य राम बारात निकाली गई, जो गीदगढ़ पहुंची। धार्मिक विधि-विधान के साथ शिव-पार्वती विवाह का आयोजन संपन्न हुआ, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे।

पूरे दिन चले इस आयोजन में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा समुचित इंतजाम किए गए थे। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर गीदगढ़ गुफा मंदिर आस्था, भक्ति और उत्साह का प्रमुख केंद्र बना र

हा।