स्वच्छता मिशन से निखरेंगे ग्रामीण अंचल, राणा दिग्विजय सिंह ने किया शुभारंभ
कट्ठीवाड़ा फाउंडेशन और साहस संस्था की जनभागीदारी वाली पहल, तीन ग्रामों में ई-वाहनों से होगा कचरा संग्रहण
कट्ठीवाड़ा। प्रकृति की अनुपम छटा से सजे कट्ठीवाड़ा अंचल के लिए 2 जुलाई का दिन एक नई शुरुआत लेकर आया। कट्ठीवाड़ा फाउंडेशन के तत्वावधान में राणा दिग्विजय सिंह ने "स्वच्छ कट्ठीवाड़ा अभियान" का शुभारंभ कर ग्रामीण स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। इस अवसर पर महारानी स्वाति सिंह, समाजसेवी वरसिंह बारिया, अमजद पठान, कट्ठीवाड़ा फाउंडेशन एवं साहस संस्था के सदस्य, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जब राजपरिवार स्वयं उतरा स्वच्छता अभियान में
अभियान के दौरान ग्रामीणों का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब उन्होंने राणा दिग्विजय सिंह, महारानी स्वाति सिंह तथा नन्हे राजकुमार को स्वयं हाथों में कचरा उठाकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते देखा। राजपरिवार ने स्वयंसेवकों के साथ मिलकर कचरा एकत्र किया और ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश देते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया।
तीन ग्रामों में प्रतिदिन चलेगा स्वच्छता अभियान
अभियान के प्रथम चरण में कट्ठीवाड़ा, कवछा और हवेलीखेड़ा ग्रामों को शामिल किया गया है। इन तीनों ग्रामों में प्रतिदिन तीन ई-वाहनों के माध्यम से घर-घर जाकर गीला, सूखा, घरेलू एवं ई-वेस्ट का पृथक संग्रहण किया जाएगा, जिससे वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा मिल सके।
हर घर तक पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश
कट्ठीवाड़ा फाउंडेशन और साहस संस्था ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पोस्टर, बैनर एवं दीवार लेखन के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। संस्था ने ग्रामीणों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से हरा, नीला, लाल और पीला डस्टबिन लगाने की अपील की है, ताकि कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण हो सके और उसके सुरक्षित निपटान व पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।
यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल ग्रामीण जीवन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है। :::
Continue With Google
Comments (0)