सर्वर डाउन होने से बंद हुए स्मार्ट मीटर, शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता
-बिल जमा करने के बावजूद बकाया बताने पर भडक़े उपभोक्ता
बड़वानी। जिला मुख्यालय पर गुरुवार को कई उपभोक्ताओं के यहां लगे स्मार्ट मीटर अचानक बंद हो गए। मीटर में डिस्कनेक्ट प्राब्लम आने पर उपभोक्ता बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचे। वहीं 1912 पर डायल कर अवगत कराने पर बिल जमा नहीं करने की सूचना मिलने पर उपभोक्ताओं में रोष नजर आया। उपभोक्ताओं ने कहा कि बिल जमा करने के बावजूद मीटर इंदौर से बंद करना गलत हैं। इससे घरों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं कई दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हुआ। हालांकि उपभोक्ताओं की शिकायत सुनकर कार्यालय के कर्मियों ने सर्वर की दिक्कत बताई।
उपभोक्ता मो. सोएब शेख ने बताया कि वे ऑनलाइन दुकान संचालित करते हैं। दुकान पर लगे स्मार्ट मीटर का बकाया बिल का भुगतान 976 रुपए कर दिया, बावजूद आज सुबह मीटर डिस्कनेक्ट होकर बिजली बंद हो गई। 1912 पर शिकायत करने पर बिल बकाया होने की बात कही। वहीं स्थानीय कार्यालय में कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं मिला। कर्मचारियों द्वारा सर्वर डाउन की दिक्कत बताई गई। इससे कई घंंटे वे परेशान हुए और दुकान का कामकाज ठप रहा। उपभोक्ता लक्ष्मण बामनिया ने कहा कि चार माह पूर्व से मीटर अचानक बंद होने की दिक्कत झेल रहे है। आज फिर बिजली बंद होने पर कार्यालय पहुंचे, लेकिन कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिल रहा। उन्होंने 17 मार्च को ही बिल पेनलटी के साथ जमा कर दिया था। ऐेसे में अचानक मीटर बंद होना समझ से परे है। उनके साथ ही कई उपभोक्ता बिजली बंद होने की शिकायत लेकर कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहीं कंपनी के अधिकार जेआर गंगराडे के अनुसार सर्वर से दिक्कत आई होगी। अब व्यवस्था सुचारु हैं। बकायादारों के कनेक्शन काटे जा रहे है।

Continue With Google
Comments (0)