बड़वानी:- शहर में जारी सीवरेज का आधे-अधूरा व घटिया काम जनजीवन के लिए परेशानी का शबब बनने लगा हैं। शहर के दशहरा मैदान के समीप कृष्णा स्टेट सहित अन्य कॉलोनियों में आवाजाही के मुख्य मार्ग पर सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से छोटे तलैया बन गया हैं। लोगों को गंदे व बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसको लेकर नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष सहित रहवासियों ने गंदे पानी में बेशरम के पौधे लगाकर अनोखा विरोध जताया। रहवासियों ने उक्त नाले वाले मार्ग पर रपट बनाने की मांग की। मौके पर पहुंचे नपा के नेता प्रतिपक्ष राकेशसिंह जाधव ने कहा कि कृष्णा स्टेट कॉलोनी के मार्ग पर सीवरेज कंपनी के घटिया काम व बदइंतजामी का परिणाम यहां आधा दर्ज से अधिक कॉलोनी के हजारों लोग भुगत रहे है। सीवरेज कंपनी की लापरवाही से इन कॉलोनी में आवाजाही के मुख्य मार्ग पर बेशर्मी की कृत्रिम झील बन चुकी हैं। जिसमें सीवरेज का गंदा पानी तलैया के रुप में फैल गया। जिससे लोगों को होकर गुजरना पड़ रहा है। नपा के ट्रेंचिंग ग्राउंड के वाहन भी यहां से गुजर रहे है। लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगामी दिनों में गणगौर पर्व हैं। उक्त कॉलोनियों के लोग इसी मार्ग से माताजी के पवित्र रथों को लेकर निकलेंगे, लेकिन यहां पूरे मार्ग पर
गंदा पानी जमा हो चुका है। जिससे सीधे तौर पर धार्मिक भावनाएं प्रभावित होगी। जल्द समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो कॉलोनीवासियों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

*गंदे तलैया से कैसे निकालेंगे गणगौर माता के रथ?*

कृष्णा स्टेट कॉलोनी के रहवासियों अजय भावसार फतेहसिंह डोडवे, वीरेंद्र कुशवाह ने कहा कि कृष्णा स्टेट कॉलोनी का जो मार्ग हैं, वो आधा नगर निकाय और आधा बड़गांव पंचायत में आता हैं। ऐसे में यहां रोड निर्माण अधर में पड़ा है। करीब दो माह पूर्व हमने ज्ञापन दिया था, जिसमें उक्त मार्ग पर रपट बनाने की मांग की थी। इस मांग पर जिला पंचायत सीईओ ने सांसद निधि से पुलिया बनाने का आश्वासन दिया
लेकिन अब तक कोई प्रक्रिया नहीं हुई। नपा अध्यक्ष को भी घर जाकर ज्ञापन देकर अवगत कराया था। वर्तमान में उक्त मार्ग पर सीवरेज लाइन के चैंबर ओवर फ्लो व फूटने से पूरा रोड गंदे पानी से भर गया। गणगौर माता के रथ इन गंदे पानी तलैया से होकर निकालेंगे।

*सीवेज के गंदे पानी में गिर रहे लोग*

कॉलोनी के हरीश वर्मा, रमेश कुशवाह ने कहा कि कॉलोनी के मार्ग पर नाला निकलता है। वर्षकाल में यह तेज वेग से बहता है। वर्तमान में सीवरेज का पानी जमा हो गया है। जिससे आवागामन मुश्किल हो गया है। हमने रपट पुलिया की मांग पर जिपं सीईओ का आश्वासन अब तक अधूरा है। मौके से सीवरेज कंपनी वालों से संपर्क किया, लेकिन वो कॉल तक अटैंड नहीं करते। गंदे पानी से निकलने के दौरान बाइक सवार का संतुलन बिगड़ने पर गिर भी रहे है।

*पंचायत को हैंडओवर, फिर भी कोई सुविधा नहीं* कॉलोनी वासियों ने कहा कि मार्ग पर बहने वाला नाला वर्षाकाल में इतना तेज वेग से बहता हैं कि बाइक आधा डूब जाती है। कॉलोनी पंचायत को हैंडओवर हुई है। पंचायत सभी टैक्स लेती हैं, लेकिन बिजली, पानी, सफाई, सड़क की कोई सुविधा नहीं है। कॉलोनी का मुख्य मार्ग बंधान रोड पर एक किमी दूर हैं, ऐसे में लोग दशहरा मैदान वाले मार्ग से अधिक आवाजाती करते हैं, लेकिन यहां नाले से होकर गुजरना मुश्किल होता है।