विप्र उत्थान समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय विशेष आधार शिविर का समापन, डाक कर्मियों का हुआ सम्मान
गुना डाक संभाग द्वारा गुना एवं अशोकनगर जिले के 12 आधार केंद्रों के साथ-साथ जिला विप्र उत्थान समिति, ब्राह्मण धर्मशाला नजूल कॉलोनी में दो दिवसीय विशेष आधार महाशिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का समापन जनसहभागिता और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
अधीक्षक डाकघर गुना ओ.पी. चतुर्वेदी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि “डाक सेवा, जन सेवा” के मूल मंत्र को समर्पित इन शिविरों का आम जनता ने बढ़-चढ़कर लाभ उठाया। शिविरों में आधार नामांकन एवं अद्यतन (अपडेशन) कार्य के साथ-साथ डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं तथा लोकप्रिय डाक जीवन बीमा योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु इन शिविरों का आयोजन किया गया। आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाओं के माध्यम से गुना डाक संभाग ने जनसेवा की एक नई मिसाल प्रस्तुत की है। श्री चतुर्वेदी ने जिले की समाजसेवी संस्थाओं से अपील की कि यदि वे अपनी संस्था में आमजन के हितार्थ आधार शिविर आयोजित करना चाहती हैं, तो अधीक्षक डाकघर, गुना कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं। ब्राह्मण धर्मशाला, नजूल कॉलोनी में आयोजित शिविर में एक सैकड़ा के आसपास आम जन ने शिविर का लाभ उठाया, इस दौरान विप्र उत्थान समिति के अध्यक्ष अवधेश शर्मा, ओ.पी. शर्मा, अनिल चतुर्वेदी, रामजीवन भार्गव, राजकमल शर्मा एवं संजीव शर्मा ने डाक विभाग की टीम के सदस्य सचेन्द्र तिवारी, गजेन्द्र टांडेल, मदन मोहन एवं अभिषेक अहिरवार का सम्मान किया।
अंत में अधीक्षक डाकघर गुना श्री चतुर्वेदी ने शिविरों में सेवाएं देने वाले सभी डाक कर्मियों, ब्राह्मण समाज के सदस्यों तथा इस पुनीत कार्य में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue With Google
Comments (0)