मंडला में राष्ट्र सेविका समिति का भव्य पथ संचलन: नारी शक्ति का अद्वितीय प्रदर्शन
मंडला: वर्ष प्रतिपदा के शुभ अवसर पर मंडला नगर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और एकता के अद्भुत संगम का गवाह बना। यहां राष्ट्र सेविका समिति द्वारा आयोजित भव्य पथ संचलन में नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ।
रविवार शाम 5 बजे सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय प्रांगण से इस भव्य पथ संचलन का शुभारंभ हुआ। लालीपुर, बस स्टैंड, बड़ा चौराहा, रेडक्रॉस, बैगा-बैगी चौक और नेहरू स्मारक मार्ग से होते हुए यह रैली पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया, जो अनुशासन और जोश के साथ कदमताल करती नजर आईं। उनके हाथों में ध्वज और घोष दल के मधुर स्वर ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
- पथ संचलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन से हुई।
- मुख्य अतिथि डीएसपी रुचिता चतुर्वेदी और मुख्य वक्ता वसुधा सुमन ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि रुचिता चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में समाज को राष्ट्र सेविका समिति जैसे संस्कारवान संगठनों से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठन अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ बनाते हैं।
मुख्य वक्ता वसुधा सुमन ने जागरूकता और संगठन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सचेत रहना चाहिए। उन्होंने परिवारों में संवाद और संस्कारों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
नगरवासियों ने पूरे आयोजन के दौरान सेविकाओं का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। "भारत माता की जय" के नारों से गूंजते इस आयोजन ने सभी के मन में गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया।
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में नगर की अनेक सेविकाएँ एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन सभी के लिए स्मरणीय बन गया।

Continue With Google
Comments (0)