सिवनी -:
नगर की खुशहाली, अच्छी वर्षा, समृद्ध फसल और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना को लेकर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पारंपरिक आषाढ़ी पूजा इस वर्ष भी बुधवार को पूरे श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। आषाढ़ी पूजा समिति, तालाब मोहल्ला घंसौर के तत्वावधान में नगर की आराध्य देवी खेरमाई माता मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत तालाब मोहल्ला से हुई, जहां समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु एकत्रित हुए। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्ति गीतों के साथ नगर के विभिन्न देवस्थलों में पूजा-अर्चना करते हुए भक्तजन खेरमाई माता मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में विधि-विधान से माता रानी का पूजन कर क्षेत्र की समृद्धि, अच्छी बारिश, किसानों की उन्नति तथा नगरवासियों के सुख-शांति की कामना की गई।

परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं द्वारा अपने-अपने घरों से पूजा सामग्री एवं भोग अर्पण हेतु सामग्री लाई गई। इसके पश्चात माता रानी को विशेष भोग अर्पित किया गया तथा सामूहिक रूप से मलीदा तैयार कर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।

आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों ने बताया कि आषाढ़ी पूजा क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा है, जिसके माध्यम से नगर और आसपास के क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा अच्छी फसल की कामना की जाती है। मान्यता है कि माता रानी की कृपा से क्षेत्र में धन-धान्य की वृद्धि होती है और लोगों के जीवन में खुशहाली बनी रहती है।

पूजा-अर्चना के उपरांत माता रानी के प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में नगर के महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आषाढ़ी पूजा के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं का विशेष योगदान रहा। श्रद्धा, आस्था और सामूहिक सहभागिता से संपन्न यह आयोजन नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बना।