मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक घोषणा: आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज राजकीय अतिथि घोषित,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में कलश स्थापना कार्यक्रम के दौरान की घोषणा, जैन समाज में हर्ष और गौरव का वातावरण।

 

भोपाल -मध्यप्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परम पूज्य वर्तमान आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज को मध्यप्रदेश शासन की ओर से 'राजकीय अतिथि' घोषित करने की घोषणा की

यह घोषणा भोपाल में आयोजित मंगलमय कलश स्थापना कार्यक्रम के दौरान की गई। मुख्यमंत्री ने आचार्य श्री के आध्यात्मिक योगदान, अहिंसा, संयम, सदाचार एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में उनके अतुलनीय कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें यह विशेष सम्मान प्रदान किया।

 

आचार्य श्री समयसागर जी महाराज वर्षों से धर्म, अध्यात्म, नैतिक मूल्यों और मानव कल्याण का संदेश जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में समाज में सेवा, सद्भाव, संयम और संस्कारों का व्यापक प्रसार हुआ है। शासन द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल आचार्य श्री के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि संपूर्ण जैन समाज के लिए भी अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय माना जा रहा है।

 

इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद प्रदेशभर के जैन समाज एवं श्रद्धालुओं में हर्षोल्लास का वातावरण है। समाज के विभिन्न संगठनों एवं धर्मप्रेमियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए इसे धर्म और संस्कृति के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक कदम बताया।

 

यह घोषणा मध्यप्रदेश की पावन धरती पर आध्यात्मिक मूल्यों के सम्मान और भारतीय संस्कृति के प्रति शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जा रही है।