अखण्ड यादव टीकमगढ़ बल्देवगढ़ बलदाऊ जी की नगरी बल्देवगढ़ में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्री 1008 श्री हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर में सुबह से ही धार्मिक वातावरण देखने को मिला, जहां मंदिरों की घंटियों और भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रातःकाल नगर के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान के साथ सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ी, जहां लोगों ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

दोपहर 3 बजे भव्य और आकर्षक शोभायात्रा का शुभारंभ शीतला माता मंदिर से किया गया, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित किला प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम, हनुमान जी, श्रीकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूपों को दर्शाया गया। घोड़ा-बग्गियों पर सवार कलाकारों द्वारा प्रस्तुत झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने जलपान एवं शीतल पेय की व्यवस्था भी की। सती नगर सहित कई क्षेत्रों में विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस वर्ष शोभायात्रा में कुल 42 प्रकार के चलित आयोजन शामिल रहे, जिनमें धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ पूरा नगर "जय श्री राम" और "जय बजरंगबली" के जयघोष से गूंज उठा।

समापन अवसर पर बस स्टैंड की प्राचीर पर भव्य और दिव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सामूहिक आरती के दृश्य ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात मदन बेर मंदिर में प्रसाद वितरण किया गया, जहां भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

हनुमान जन्मोत्सव के इस भव्य आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएं हिन्दू उत्सव समिति बल्देवगढ़ द्वारा की गईं, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 3 अप्रैल को क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘बुंदेली सिंगिंग स्टार’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 4 अप्रैल को शशिराज कमल एवं कमलेश्वरी कंचन के मध्य भव्य जवाबी कीर्तन होगा, वहीं 5 अप्रैल को देश के विख्यात कवियों की उपस्थिति में कवि सम्मेलन आयोजित कर हनुमान जन्मोत्सव का समापन किया जाएगा।

हिन्दू उत्सव समिति बल्देवगढ़ ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।