हटा - उपकाशी नगर हटा की पावन पुण्य धरा पर दूल्हा भेष धारी भगवान देव श्री गौरीशंकर मंदिर परिसर में आयोजित अतिरुद्र महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण और श्रीमद भागवत कथा के पूर्व भव्यता के साथ कलश यात्रा निकालकर धार्मिक अनुष्ठानों का शंखनाद हुआ। गुरुवार दोपहर पावन पुण्य सलिला सुनार नदी के तट स्थित भगवान श्री भूतेश्वर सरकार मंदिर परिसर से बड़ी तैयारियो के साथ कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जहां बड़ी संख्या में उपस्थित पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं एवं बालिकाओं ने सर पर कलश रखकर जब कतार बद्ध होकर यात्रा में शामिल हुई तो दृश्य अलौकिक हो गया। इस कलश यात्रा में देव श्री कौशलाधीश जी सरकार, देव श्री रामगोपाल जी सरकार, देव श्री बालाजी सरकार, देव श्री मुरली मनोहर जी सरकार, देव श्री बांके बिहारी जी सरकार, देव श्री नवल किशोर जी सरकार, देव श्री लक्ष्मी नारायण जी सरकार, देव श्री किले वाले राधा रमण जी सरकार अपने अपने विमान पर सवार होकर यात्रा में आगे चल रहे थे। जहां भूतेश्वर सरकार से रतन बजरिया से गौरीशंकर मंदिर पहुंची कलश यात्रा में साथ चल रहे भगवानों के विमानों का जगह जगह लोगो ने पूजन अर्चन किया। वही अति रुद्र महायज्ञ के संचालक यज्ञाचार्य पं. डॉ. मथुरा प्रसाद शुक्ल वाराणसी एवं श्रीमद भागवत कथा व्यास पं. डॉ अनिल शास्त्री जी घनश्याम बाग घोड़ा बग्घी पर सवार होकर निकले, जिनका लोगो ने जगह जगह पुष्प माला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान पारंपरिक अंदाज में रामधुन मंडली भजन करते हुए चल रही थी। जिसने वातावरण में पवित्रता घोली। गाजे, बाजे और डीजे पर युवा थिरक रहे थे। वही कलश यात्रा में आगे रमतूला वादन और दल दल घोड़ी के नृत्य की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। कलश यात्रा में युवाओं की टीमें एवं वरिष्ठ जनों का समूह भी साथ चल रहा था। इस दौरान हटा विधायक उमा देवी लालचंद खटीक, आयोजन के सूत्रधार कु. पुष्पेंद्र सिंह हजारी, पूर्व विधायक पीएल तंतुवाय, यज्ञसमिति अध्यक्ष अनुरागवर्धन सिंह हजारी सहित समस्त आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कलश यात्रा के आयोजन के दौरान हटा टीआई सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में हटा पुलिस बल सक्रियता से तैनात रहा। यहां बताया गया कि कलश यात्रा उपरांत 6 फरवरी से प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्रा और दोपहर 11 बजे विसर्जन का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। वही प्रातः 8 बजे से अति रुद्र महायज्ञ हवन प्रतिदिन 15 फरवरी तक अनवरत चलेगा एवं 9 फरवरी (शाम 4 बजे प्रतिदिन) से 15 फरवरी तक कथा व्यास पं. डॉ अनिल शास्त्री जी घनश्याम बाग के मुखार बिंद से श्रोताओं को कथा का श्रवण पान कराया जाएगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन महाशिवरात्रि के पर्व पर भव्य शिव बारात और पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।

Continue With Google
Comments (0)