टीकमगढ़: बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र के कठवर वारे हनुमानजी के पास स्थित देवी प्रतिमा के खंडन का मामला बुधवार रात को गंभीर रूप ले लिया। इस घटना से आक्रोशित होकर अनेक हिंदू संगठनों के सदस्य बड़ागांव थाने पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब धनुषधारी मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र चोरियाल ने थाना प्रभारी टीआई नरेंद्र वर्मा पर शिकायत के दौरान अभद्रता और अपशब्दों के प्रयोग का गंभीर आरोप लगाया। सुरेंद्र चोरियाल का कहना है कि वे शिकायत दर्ज कराने आए थे, लेकिन थाना प्रभारी के असम्मानजनक व्यवहार से आहत हो गए।
इस घटना के बाद बजरंग दल समेत विभिन्न हिंदू संगठनों ने थाना परिसर के बाहर सुंदरकांड का पाठ किया और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में अशांति फैलाने का प्रयास बताया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़ागांव थाना प्रभारी टीआई नरेंद्र वर्मा को लाइन अटैच किया। प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति धीरे-धीरे शांत हुई।
प्रमुख मांगें और प्रशासन की प्रतिक्रिया:
- हिंदू संगठनों ने देवी प्रतिमा खंडन के दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
- घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Continue With Google
Comments (0)