ईसागढ़ | अशोकनगर जिले के ईसागढ़ क्षेत्र के आकलोन गांव में पानी की समस्या से परेशान आदिवासियों का गुस्सा बुधवार सुबह सड़क पर फूट पड़ा। गांव के महिला-पुरुष बर्तन लेकर सड़क पर पहुंचे और बर्तन व पत्थर रखकर रास्ता रोक दिया। इससे ईसागढ़ और ढाकोनी की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई। करीब आधे घंटे तक लगभग एक सैकड़ा ग्रामीण सड़क पर बैठे रहे।
सुबह से ही गांव में पानी को लेकर लोगों में नाराजगी थी। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसी परेशानी के चलते महिला-पुरुष अपने घरों से बर्तन लेकर बाहर निकले और सड़क पर बैठकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने सड़क पर बर्तन और पत्थर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर ईसागढ़ थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाइश देकर सड़क से हटने और वाहनों को निकलने देने की बात कही। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों से पानी की समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पंचायत की पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन कुछ समय से टंकी पर पानी की व्यवस्था देखने वाला व्यक्ति चला गया है। इसके अलावा टंकी बस्ती से निचले स्थान पर बनी है, जिससे ऊंचाई पर बसे घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गांव में एक हैंडपंप भी खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने फिलहाल टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही 7 दिनों में खराब हैंडपंप में मोटर व हेडपंप डलवाने की बात कही, ताकि बिजली नहीं होने की स्थिति में भी ग्रामीण हैंडपंप से पानी भर सकें। अधिकारियों ने सात दिन में पानी की व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया और वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
Continue With Google