शाढौरा | अशोकनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए शाढौरा थाना क्षेत्र में गांजे की खेती करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से गांजे के 17 हरे पौधे जप्त किए हैं, जिनका कुल वजन 38 किलो 600 ग्राम है। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और एसडीओपी अशोकनगर ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना शाढौरा पुलिस ने यह कार्यवाही की।

थाना शाढौरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बलदाई निवासी चंद्रेश बाई अहिरवार ने अपने मकान के पीछे स्थित बाड़े में अवैध रूप से गांजे के पौधों की खेती कर रखी है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान बाड़े में गांजे के हरे पौधे लगे हुए पाए गए। पुलिस टीम ने कुल 17 पौधों को उखड़वाया और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल कराया। तौल में गांजे का कुल वजन 38 किलो 600 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के पौधों को विधिवत जप्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपिया चंद्रेश बाई अहिरवार के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी शाढौरा निरीक्षक सुनील सिकरवार, उनि सुनील पुरवैया, उनि कान सिंह, सउनि मनीराम जाटव, सउनि जगदीश शर्मा, सउनि प्रजेश यादव, आरक्षक संजीव कटारिया, आरक्षक महेंद्र भार्गव, महिला आरक्षक मंजू मीना और महिला आरक्षक अनुराधा ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।