चंदेरी | मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में विकासखंड चंदेरी के ग्राम खैरा में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के उद्देश्य से बोरी बंधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल बचाने का संकल्प लिया और गांव में जल बचाओ रैली भी निकाली।

कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था गोधन सेवा समिति जिला अशोकनगर द्वारा किया गया। सेक्टर क्रमांक 01 गोधन सेवा समिति ग्राम खैरा के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल को रोककर भूजल स्तर में वृद्धि करना, जल स्रोतों का संरक्षण करना तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्षा का पानी यदि खेतों और नालों में ही रोक लिया जाए तो गांव का भूजल स्तर बढ़ेगा और आने वाले समय में पानी की समस्या से राहत मिलेगी। ग्रामीणों को अपने घरों में भी पानी की बचत करने के लिए प्रेरित किया गया।

बोरी बंधान कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों ने मिलकर नाले पर बोरी बांधकर पानी रोकने का काम किया। इसके बाद गांव में जल बचाओ रैली निकाली गई। रैली में ग्रामीणों ने जल बचाने के नारे लगाए और लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक बद्रीप्रसाद चौहान, ब्लॉक समन्वयक दीपक पटेरिया, गोधन समिति से अध्यक्ष बालकिशन कुशवाह एवं सचिव प्रदीप प्रजापति, अवार्ड संस्था अध्यक्ष राजेश तिवारी, प्रस्फुटन समिति खैरा से अध्यक्ष सौरभ लोधी एवं सचिव चंद्रभान लोधी तथा ग्रामीणजन राजकुमार अहिरवार, चौथिया रजक, राजू अहिरवार, ब्रजेश अहिरवार, कल्लू लोधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।