अशोकनगर | किसानों से अधिक दाम में ई-टोकन करने की शिकायत पर राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम ने शिवांश कंप्यूटर विदिशा रोड अशोकनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर सेंटर को बंद करा दिया गया।

कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशन में राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम ने यह कार्यवाही की। शिकायत मिली थी कि शिवांश कंप्यूटर पर किसानों से अधिक दाम में ई-टोकन बनाए जा रहे हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए टीम ने बुधवार को सेंटर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण में पाया गया कि संस्थान पर टोकन बुक करने संबंधी सूचना चस्पा है। इसका संचालन संतोष ओझा द्वारा किया जा रहा है। ई-टोकन के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर उन्होंने बताया कि यूरिया एवं डीएपी के टोकन बनाए जाते हैं।

जब टीम ने बुक किए गए ई-टोकनों का रिकॉर्ड मांगा, तो संचालक ने बताया कि रिकॉर्ड संधारित नहीं किया गया है। किसानों से ई-टोकन करने का शुल्क कितना लिया जा रहा है, इस बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इससे टीम को अनियमितता की आशंका हुई।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि संस्थान पर बिना लाइसेंस लिए ग्राहक सेवा केंद्र संबंधी अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। नियमों के विरुद्ध संचालित हो रही गतिविधियों को देखते हुए टीम ने नियमानुसार दुकान संचालित किए जाने की चेतावनी दी। साथ ही रिकॉर्ड संधारित करने के लिए अवगत कराकर दुकान को बंद कराया गया।

प्रशासन की इस कार्यवाही से किसानों में राहत की भावना है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसानों से अधिक शुल्क वसूलने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्यवाही जारी रहेगी।