अशोकनगर | नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल एवं कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशन में औषधि निरीक्षक जितेंद्र शर्मा ने जिले में संचालित औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों के रिकॉर्ड में अनियमितता मिलने पर दोनों का लाइसेंस 5 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स वंश मेडिकल स्टोर, श्रद्धा मेडिकल स्टोर, सोलंकी मेडिकल स्टोर, आदर्श मेडिकल स्टोर, आशीर्वाद मेडिकल स्टोर, बालाजी मेडिकल एंड सर्जिकल, डी पी गुप्ता ब्रदर, नित्या फार्मा और न्यू चौधरी मेडिकल स्टोर की जांच की गई।
औषधि निरीक्षक जितेंद्र शर्मा ने निरीक्षण के दौरान लाइसेंस का उचित स्थान पर प्रदर्शन, औषधियों के क्रय-विक्रय, अभिलेख संधारण, भंडारण, बिलिंग, नशे में उपयोग होने वाली दवाइयों का विक्रय रिकॉर्ड और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के नियमों के पालन की जांच की।
जांच में मेसर्स श्रद्धा मेडिकल स्टोर और सोलंकी मेडिकल स्टोर के रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई। दोनों से विभिन्न दवाओं के क्रय-विक्रय पत्रक कार्यालय उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला भिंड में प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया। प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर औषधि अनुज्ञापन अधिकारी जिला अशोकनगर ने दोनों फर्म का लाइसेंस 5 दिवस के लिए निलंबित किए जाने के आदेश पारित किए।
निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय, अभिलेख संधारण, भंडारण, बिलिंग और नशे में उपयोग होने वाली दवाइयों के विक्रय रिकॉर्ड में कमियां मिलने पर अन्य मेडिकल स्टोरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। औषधि विक्रेताओं से प्राप्त स्पष्टीकरण और निरीक्षण में पाए गए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही होगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि औषधियों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण एवं कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
Continue With Google