राजेंद्र आश्रम की 65 वर्षों की सेवा यात्रा.., शिक्षा और संस्कारों से आदिवासी अंचल में आई बदलाव की नई रोशनी

नाहर सिंह वाखला बोले – राजेंद्र आश्रम की सेवाओं ने आदिवासी अंचल की दशा और दिशा बदलने में निभाई अविस्मरणीय भूमिका

 

कट्ठीवाड़ा।प्रेम गुप्ता 

आदिवासी अंचल में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित राजेंद्र आश्रम ने अपनी गौरवशाली यात्रा के 65 वर्ष पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर आश्रम का स्थापना दिवस समारोह उत्साह, गरिमा और आत्मीयता के साथ मनाया गया। समारोह में संस्था से जुड़े वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, अतिथियों, विद्यार्थियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आश्रम की सेवा यात्रा को याद किया।

समारोह को संबोधित करते हुए भील सेवक संघ के. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष. और आश्रम के प्रबंध ट्रस्टी नाहर सिंह वाखला ने कहा कि राजेंद्र आश्रम परिवार की सेवाओं से इस आदिवासी अंचल की दशा और दिशा सुधारने में जो योगदान रहा है, वह अविस्मरणीय है। आश्रम ने शिक्षा और सेवा के माध्यम से क्षेत्र में जो सकारात्मक परिवर्तन किए हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर नित्यानंद जी स्वामी सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में आश्रम की भूमिका, शिक्षा के महत्व और आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य शिक्षा, संस्कार और जागरूकता से ही मजबूत बनता है। राजेंद्र आश्रम ने इन उद्देश्यों को लेकर लंबे समय से निरंतर कार्य किया है।

इस अवसर पर वनीताबेन चुन्नीलाल महाराज ट्रस्ट की ओर से जगदीश जोशी ने आश्रम के दो बच्चों को गोद लेने की घोषणा की। समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को शिव रमन छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आदिवासी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में स्थानीय संस्कृति के रंग बिखेरे।

कार्यक्रम में भील सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाशचंद्र सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। गुजरात से संस्थापक चुन्नीलाल जी महाराज की पुत्रियां सरलाबेन एवं लताबेन भी परिवार सहित समारोह में शामिल हुईं। संस्था से सेवानिवृत्त गजेंद्र तोमर का इस अवसर पर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठजन ओमप्रकाश गुप्ता, डॉ. मणिलाल पाटिल, प्रवीण जादव, संस्था के नाहर सिंह तोमर, गजराज सिंह डुडियार, भाव सिंह तोमर, अंतर सिंह भयड़िया, एमडी पाटीदार, सुखदेव पटेल सहित संस्था का स्टाफ, विद्यार्थी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन विजय कुलकर्णी, आभार प्रदर्शन प्राचार्य दिनेश लक्ष्यकार ने किया.