चंदेरी | एसडीएम चंदेरी मनीष धनगर ने ग्राम पंचायत कुकरेठा एवं भटोली में शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आईं। रिकॉर्ड संधारित नहीं पाए जाने पर सचिव भटोली को शोकॉज नोटिस जारी किया गया।
एसडीएम ने सबसे पहले ग्राम पंचायत कुकरेठा में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। पंचायत में संचालित योजनाओं के लाभार्थियों की सूची और अभिलेखों की भी जांच की गई।
इसके बाद एसडीएम ने ग्राम पंचायत भटोली का निरीक्षण किया। यहां शासकीय योजनाओं के रिकॉर्ड की जांच के दौरान रिकॉर्ड ठीक से संधारित नहीं पाया गया। कई अभिलेख अधूरे मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए सचिव भटोली को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने दोनों पंचायतों में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Continue With Google