अशोकनगर | हमारा संविधान हमारा पथ प्रदर्शक है। प्रगति पथ पर आगे बढ़ने के लिए तथा व्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखते हुए मौलिक अधिकारों का लिखित महत्वपूर्ण दस्तावेज हमारा संविधान है। इस आशय के विचार कलेक्टर साकेत मालवीय ने गुरुवार को शासकीय विधि महाविद्यालय अशोकनगर में राष्ट्रीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विधि प्रदर्शनी एवं एक दिवसीय कार्यशाला के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर मालवीय ने कहा कि आज का दिन आधुनिक भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का दिन है। साथ ही संविधान सभा के निर्माताओं के सदस्यगणों को जिन्होंने विश्व के बड़े संविधान को तैयार किया, उन्हें याद करने का दिन है। हमारा संविधान मनुष्य को समाज तथा राष्ट्र के रूप में समर्पित होकर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करता है। सामाजिक व आर्थिक न्याय की भावना संविधान में समाहित है। उन्होंने कहा कि देश में संविधान के तहत लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था जारी है। संविधान मनुष्य को संगठित होकर आगे बढने की दिशा की ओर ले जाता है। भारतीय संविधान भारत के नागरिकों को मौलिक अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार विधि द्वारा स्थापित सिद्धांतों पर आगे बढाने में मदद करता है। उन्होंने विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए विधि विधायी के तहत अपना योगदान दें। कर्तव्य निष्ठा तथा राष्ट्र हित के मूल्य को अपना कर निरंतर आगे बढें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. किशन यादव ने कहा कि संविधान सभ्य समाज की पहली पहचान होती है। संविधान हमें स्वस्थ जीवन जीने का उद्देश्य, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व की भावना सीखता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान 02 वर्ष 11 माह 18 दिन में बनकर तैयार हुआ था। संविधान की मूल भावना को हम सभी अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति की ओर आगे बढने की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शर्मा ने कहा कि 26 नवम्बर 1949 को हमारा संविधान बना। जिसके तहत लोकतांत्रिक गणराज्य, विचार, विश्वास, व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता को एतद द्वारा संविधान को अंगीकार किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान में भारत के लोगों को मताधिकार का अधिकार दिया गया। उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े लक्ष्य को लेकर आगे बढें और सफलता प्राप्त करें।
कार्यक्रम में समन्वयक एनएसएस एवं प्रदेश संयोजक विजन विकसित भारत नीति एवं अनुसंधान केन्द्र दिल्ली डॉ. हरिशंकर कंसाना एवं अभिभाषक संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
भारतीय संविधान की उद्देशिका का हुआ वाचन
कार्यक्रम में शासकीय विधि महाविद्यालय अशोकनगर की प्रभारी प्राचार्य डॉ. गरिमा राठौर द्वारा उद्देशिका का वाचन किया गया। इस दौरान उपस्थितजनों को भारतीय संविधान प्रस्तावना का संकल्प दिलाया गया।
अतिथियों द्वारा प्रदर्शिनी का किया अवलोकन
महाविद्यालयीन छात्र छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय संविधान दिवस पर लगाई गई प्रदर्शिनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। साथ ही प्रदर्शिनी की उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में शासकीय विधि महाविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
छात्र छात्राओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रदर्शिनी में उत्कृष्ट मॉडल बनाने वाले छात्र छात्राओं अंशिका को सम्मानित किया गया। साथ ही बेस्ट पोस्टर बनाने वाले तथा कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों में श्रेष्ठ एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर छात्र छात्राओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र सिंह अहिरवार ने तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य शासकीय विधि महाविद्यालय डॉ. गरिमा राठौर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक शासकीय विधि महाविद्यालय शिवपुरी दिग्विजय सिंह सिकरवार, अधिकारीगण, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्टॉफ उपस्थित रहा।
Continue With Google