*देवरी में सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय का भव्य वार्षिक उत्सव ‘उमंग-33’ संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह*

*नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, एकल एवं सामूहिक नृत्य, गायन और नाट्य मंचन ने दर्शकों का मोहा मन*

*सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय की सफलता की नई ऊंचाइयों की ओर एक नई शुरुआत*

 

देवरी। नगर में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर सरस्वती ज्ञान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भव्य प्रथम रंगारंग वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘उमंग-33’ हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक ने अपनी कला, प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ विद्यालय की रचनात्मक सोच और शैक्षणिक गतिविधियों की झलक भी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शासकीय नेहरू महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. हेमलता रिछारिया ने मां सरस्वती एवं भगवान श्रीगणेश के पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलन के साथ किया। दीप प्रज्वलन के पश्चात कक्षा नौवीं की छात्राओं ने भगवान श्रीगणेश की वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नर्सरी कक्षा के नन्हे बच्चों ने ‘इतनी सी हंसी’ गीत पर आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। वहीं एलकेजी के बच्चों ने ‘जय जय शिव शंकर’ गीत पर उत्साहपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यूकेजी एवं कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया।

देश में रामभक्ति के माहौल को दर्शाते हुए कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने हनुमान अंश के सुप्रसिद्ध गीत पर हनुमानमय प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कक्षा तीसरी की छात्राओं ने लावणी नृत्य, कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने गोटिलो नृत्य तथा छात्राओं ने राजस्थानी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर भारतीय लोक संस्कृति की रंग-बिरंगी छटा बिखेरी।

समारोह की विशेष प्रस्तुतियों में मां गंगा की महिमा एवं पृथ्वी पर उनके अवतरण को दर्शाती गंगा आरती का नाटकीय मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने भगवान शिव की महिमा और मां गंगा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया। वहीं छात्राओं की पंजाबी नृत्य प्रस्तुति ने भी खूब वाहवाही बटोरी। कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कॉमेडी कार्यक्रम ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। छोटे-छोटे बच्चे भी इस प्रस्तुति का भरपूर आनंद लेते नजर आए।

*सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा की मुख्य अतिथि ने की सराहना*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. हेमलता रिछारिया ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के संचालक एवं समस्त विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवरी श्री शुभांक गुप्ता शामिल हुए। वहीं समारोह की अध्यक्षता श्री हरिश्चन्द्र लोधी ने की। अतिथियों ने संस्था द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

*सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय के संचालक ने जताया आभार*

कार्यक्रम के अंत में संस्था के संचालक अश्वनी पांडे ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार शिक्षा के साथ बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। उमंग-33 का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों की यादगार छाप छोड़ गया।