अशोकनगर | संविधान दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर सतीश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय केशव मणि सिंघल, जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभिषेक नागराज, जिला न्यायाधीश किशोर कुमार निनामा, जिला न्यायाधीश सुनील कुमार कौशिक, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष अनुरागी, न्यायाधीश हर्षिता शर्मा, न्यायाधीश प्रिया चौहान, न्यायाधीश शुभम द्विवेदी सहित जिला न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाह, जिला न्यायालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण तथा अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा की उपस्थिति में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से वाचन किया गया। सभी ने संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा संविधान की गरिमा, मर्यादा एवं उसके मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य की भावना तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने के संवैधानिक उद्देश्यों पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि भारतीय संविधान केवल देश का सर्वोच्च विधिक दस्तावेज ही नहीं, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आधारशिला तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और स्वतंत्रताओं का संरक्षक भी है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्श एक सशक्त, समरस एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों एवं उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखने, विधि के शासन का सम्मान करने, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।