अशोकनगर | प्रतियोगी परीक्षा में आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने पर प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए बुधवार को एक ही दिन में तीन आवेदकों के ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी कर दिए। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से तीनों छात्र अब आसानी से परीक्षा का फॉर्म भर सकेंगे।
बुधवार को लोक सेवा केंद्र अशोकनगर में अनुज पालीवाल पुत्र उमेश पालीवाल, दीपेश जैन पुत्र दीपक जैन और दर्शित जैन पुत्र दीपक जैन ने ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। तीनों आवेदकों को आगामी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होना है, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक थी। ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र नहीं होने से तीनों के सामने फॉर्म भरने में परेशानी खड़ी हो गई थी।
आवेदनों की तात्कालिकता को देखते हुए लोक सेवा केंद्र और तहसील कार्यालय में उसी दिन आवेदनों की जांच की गई। दस्तावेजों का सत्यापन कर आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई। इसके बाद तहसीलदार अशोकनगर संतोष कुमार धाकड़ ने तीनों आवेदकों के ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र उसी दिन जारी कर दिए।
आमतौर पर इस तरह के प्रमाण पत्रों में कई दिन का समय लग जाता है, लेकिन परीक्षा की समय-सीमा को देखते हुए प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की। इससे आवेदकों को भटकना नहीं पड़ा और समय पर राहत मिल गई।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद तीनों आवेदकों ने राहत की सांस ली। अब वे समय रहते परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही की लोगों ने सराहना की है।
Continue With Google