*टीकमगढ़ | जतारा।* जतारा के बाजीतपुरा में मेन रोड से लगी करोड़ों रुपये की बेशकीमती सरकारी जमीन को आखिरकार अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सख्त निर्देश के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध घेराबंदी और जाली को हटवा दिया।

*क्या था मामला?*
बाजीतपुरा में मेन रोड से लगी बेशकीमती शासकीय भूमि पर कुछ लोगों ने वृक्षारोपण के नाम पर चारों तरफ जाली लगाकर कब्जा कर रखा था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत प्रशासन से की थी कि पर्यावरण के नाम पर जमीन हड़पने की साजिश रची जा रही है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने तत्काल राजस्व अमले को कार्रवाई के निर्देश दिए।

*प्रशासन ने चलाया बुलडोजर -*
निर्देश मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी से अवैध रूप से लगाई गई जाली और फेंसिंग को उखाड़ फेंका। देखते ही देखते करोड़ों की जमीन अतिक्रमण से मुक्त हो गई।

*कलेक्टर की दो टूक - सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं*
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वृक्षारोपण के नाम पर जमीन हथियाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।