आलोट \ ताल । वाहन चेकिंग के दौरान 166.15 किलोग्राम डोडाचूरा जब्ती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को ताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को आगर मालवा जिले के बड़ौद से पकड़ा। मामले में पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को थाना ताल पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक महिंद्रा पिकअप लोडिंग वाहन की जांच की थी। वाहन से 166.15 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया था। मामले में थाना ताल पर अपराध क्रमांक 310/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान संबंधित आरोपी मौके से फरार हो गया था।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी के बड़ौद में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने 27 सितंबर को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्रसिंह (22), पिता भलेसिंह परिहार, निवासी ग्राम बोरखेड़ी आंजना, थाना उन्हेल नागेश्वर, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, सहायक उपनिरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक 328 शुभम सिंह चौहान एवं आरक्षक 241 अंकित काला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।