आलोट। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत थाना आलोट द्वारा शासकीय महाविद्यालय, आलोट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम थाना प्रभारी आलोट श्री मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बढ़ते साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में युवाओं को जागरूक एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
“सतर्क रहें • सुरक्षित रहें • साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें।”
Continue With Google
Comments (0)