सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर दो पुलिया जोड़ के पास शुक्रवार देर रात एंबुलेंस और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ड्राइवर को केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर घायल चालक को बाहर निकाला। उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने दूसरी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एक घंटे तक कोई एंबुलेंस नहीं पहुंची। समय पर मेडिकल मदद नहीं मिलने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

लोगों का आरोप- बिना मरीज के दौड़ाई जाती हैं एंबुलेंस

चश्मदीदों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस चालक अकसर बिना आपात स्थिति या मरीज के भी हाईवे पर तेज रफ्तार में सायरन बजाकर गाड़ियां चलाते हैं। उन्होंने इन सरकारी वाहनों का निजी कार्यों के लिए उपयोग करने का भी आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि इसी वजह से कई बार वास्तविक मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाती है।

पुलिस कर रही सायरन के गलत इस्तेमाल की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया। शुरुआती जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली है, जिसे लोगों ने अस्पताल भेज दिया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसे के वक्त एंबुलेंस में कोई मरीज था या नहीं।