बाबरी शराब दुकान पर फायरिंग के बाद लूट का वीडियो वायरल

कुलदीप यादव समेत अन्य पर आरोप, गोली चलने से बाल-बाल बचा सेल्समैन; शराब की बोतलें लूटते दिखे आरोपी

टीकमगढ़। शहर के समीप बाबरी स्थित शराब दुकान पर गुरुवार रात करीब 9 बजे फायरिंग कर शराब लूटे जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग शराब दुकान के बाहर पहुंचकर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। गोली शराब की बोतलों में जा लगी, जबकि दुकान पर मौजूद सेल्समैन बाल-बाल बच गया।

वायरल वीडियो में फायरिंग के बाद कुछ लोग दुकान का गेट खुलवाकर अंदर जाते और शराब की बोतलें लेकर बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर कुलदीप यादव समेत अन्य लोगों पर फायरिंग और शराब लूटने के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि आरोपियों ने पहले दुकान पर मौजूद सेल्समैन को निशाना बनाकर गोली चलाई और इसके बाद दुकान में घुसकर शराब की बोतलें लूट लीं।

घटना के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में लिया है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग और लूट की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।