भोपाल: दिनदहाड़े 9 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश, 'बबलू पत्रकार' लिखी कार से आरोपी फरार
भोपाल।
राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक 9 साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसला कर कार में ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्ची को उसके पिता और रिश्तेदार का नाम लेकर झांसा दिया और उसे अपनी कार में बैठा लिया। गनीमत रही कि कार के अंदर बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया और उसे बीच रास्ते में छोड़ कर भाग निकला। बागसेवनिया पुलिस ने इस मामले में आरोपी बबलू सेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दुकान पर गई थी बच्ची, पड़ोसी ने दी मां को खबर
प्राथमिक दर्ज रिपोर्ट (FIR) के अनुसार, पिपलिया पेंदे खां (9 ए जिम के पास, बागसेवनिया) की रहने वाली 26 वर्षीय ज्योति सेन (पति राम सेन) ने 26 सितंबर 2024 को दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी 9 साल की बड़ी बेटी मीठी को पास की दुकान पर भेजा था। कुछ देर बाद, पड़ोस में रहने वाली दुकानदार फरजाना का लड़का उमेर भागता हुआ ज्योति के पास आया और बताया कि मीठी को कोई कार में बैठा कर ले गया है। यह सुनते ही मां तुरंत उमेर के साथ पैदल ही उस दिशा में दौड़ी। उमेर ने कार की पहचान बताते हुए कहा कि गाड़ी पर "बबलू पत्रकार" लिखा था और उसका नंबर MP 04 CG 5590 था।
पिता और रिश्तेदार का नाम लेकर दिया धोखा
मां ज्योति जब थोड़ा आगे बढ़ी तो उसे 'न्यू मंदिर' के पास अपनी बदहवास बच्ची मिल गई। जब मां ने पूछा कि कौन ले गया था, तो बच्ची ने बताया कि एक अंकल कार से आए और उसके पिता 'राम' का नाम लेकर पूछा कि क्या तुम रवि को जानती हो। बच्ची ने हां कहा तो आरोपी ने उसे रवि के घर छोड़ने का बहाना बनाया और कार में बैठा लिया। लेकिन आगे बढ़ते ही जब बच्ची डर के मारे चिल्लाने लगी, तो आरोपी ने उसे न्यू मंदिर के पास गाड़ी से उतार दिया और फरार हो गया।
रिश्तेदार निकला आरोपी, 100 नंबर डायल कर बुलाई पुलिस
बच्ची द्वारा पूरी बात बताने के बाद, ज्योति तुरंत अपने मामा के लड़के रवि के घर पहुंची। जब ज्योति ने रवि से पूछा कि यह बबलू कौन है, तो रवि ने बताया कि बबलू उनका ही कोई रिश्तेदार है। इसके बाद ज्योति ने अपने पति राम सेन को फोन करके मौके पर बुलाया। पति ने आते ही सबसे पहले 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिवार ने बच्ची के साथ थाने जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायतकर्ता ज्योति सेन के आवेदन पर पुलिस ने 27 सितंबर 2024 को मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
अपराध
भोपाल: दिनदहाड़े 9 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश, 'बबलू पत्रकार' लिखी कार से आरोपी फरार
भोपाल: दिनदहाड़े 9 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश, 'बबलू पत्रकार' लिखी कार से आरोपी फरार
October 05, 2026 10:09 PM
1 min read
35 views
1/1
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google