आलोट/ताल। रतलाम जिले के ताल थाना पुलिस ने अवैध जहरीली कच्ची शराब की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और एक चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई। पूछताछ में वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गिरोह के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों ने पूछताछ में कुल 16 मोटरसाइकिल और एक लोडिंग वाहन चोरी करने की वारदातें कबूली हैं।
भाटखेड़ा से चुराई थी मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल तथा आलोट, जावरा ग्रामीण और सैलाना के अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में आलोट एवं जावरा ग्रामीण अनुभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
11 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने हरपाल पिता धारिया कंजर और अर्जुन पिता लखन कंजर को अवैध कच्ची शराब की तस्करी करते गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में ताल थाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिल ग्राम भाटखेड़ा से चोरी की गई थी। जांच में इस मोटरसाइकिल के संबंध में कालूखेड़ा थाने पर चोरी का प्रकरण दर्ज होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की।
तीसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हरपाल और अर्जुन ने अपने साथी लखन पिता हरीलाल कंजर के साथ मिलकर 16 मोटरसाइकिल और एक छोटा हाथी लोडिंग वाहन चोरी करने की वारदातें कबूल कीं। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी लखन को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद वाहनों में दो हीरो एचएफ डीलक्स, एक हीरो स्प्लेंडर, एक होंडा शाइन और दो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इनमें कुछ वाहनों पर पंजीयन नंबर नहीं मिले, जबकि दो मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए।
राजस्थान के झालावाड़ जिले के निवासी हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरपाल पिता धारिया कंजर (20), अर्जुन पिता लखन कंजर (19) और लखन पिता हरीलाल कंजर (22) के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के झालावाड़ जिले के उन्हेल नागेश्वर थाना क्षेत्र के टोकड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।
ताल, आलोट सहित कई थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ताल थाने में दर्ज होंडा शाइन चोरी, आलोट थाने में दर्ज एचएफ डीलक्स चोरी, नामली थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल और लोडिंग वाहन चोरी तथा जावरा औद्योगिक क्षेत्र और सैलाना थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक स्वराज डाबी, निरीक्षक योगेश पाटीदार, निरीक्षक पतिराम डावरे, उपनिरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी सहित ताल, आलोट और बरखेड़ा कलां थानों की पुलिस टीम तथा आलोट एवं जावरा ग्रामीण एसडीओपी कार्यालयों के कर्मचारियों का योगदान रहा।
Continue With Google