100 गुम मोबाइल लौटाकर बुरहानपुर पुलिस ने जीता जनता का भरोसा, ₹20 लाख के फोन बरामद कर लौटाई सैकड़ों चेहरों की मुस्कान
एसपी आशुतोष बागरी के नेतृत्व में बड़ी सफलता, "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ, ऑनलाइन ठगी से बचाव का दिया संदेश।
बुरहानपुर।
बुरहानपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के 100 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने बुरहानपुर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की खुलकर सराहना की।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में साइबर सेल और सभी थाना क्षेत्रों की टीमों ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल सफलतापूर्वक ट्रेस किए। सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद एसपी ने मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंपे।
मोबाइल प्राप्त करने वाले कई नागरिकों ने कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन बुरहानपुर पुलिस की सक्रियता और तकनीकी विशेषज्ञता के कारण उनका कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल गया।
इस अवसर पर एसपी आशुतोष बागरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल की मौजूदगी में "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराएं, ताकि उसका दुरुपयोग रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, CVV या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस सफल अभियान में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक मनीष दीक्षित, आरक्षक दुर्गेश पटेल, शक्ति सिंह तोमर, ललित चौहान, सत्यपाल एवं सभी थाना क्षेत्रों की साइबर हेल्प डेस्क की सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)