ग्वालियर में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे कार सवार मां-बेटे के द्वारा कार सवार बदमाशों से साइड मांगना भारी पड़ गया। बेटे के द्वारा हॉर्न और हूटर बजाने पर बदमाशो ने फायरिंग कर दी। एक गोली कार में बैठी 60 साल की बुजुर्ग महिला के गर्दन में जा लगी। जिससे वह घायल हो गई। घायल महिला इलाज के लिए गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना बेहट थाना क्षेत्र के रनगवां गांव के पास की है। वही पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

दअरसल पीड़ित भीम गौतम शर्मा निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश ने बेहट थाना पुलिस को शिकायत कर बताया कि वह अपनी मां विमला देवी शर्मा के साथ ग्वालियर के गिजौर्रा दूधखोह गांव में चल रही भागवत में शामिल होने आए थे और मंगलवार को वापसी से पहले उन्होंने रतनगढ़ माता मंदिर और दंदरौआ धाम मंदिर में दर्शन कर देर रात 10:30 बजे घर अलीगढ़ वापस लौट रहे थे। जब वह बेहट थाना क्षेत्र के रनगवां गांव के रास्ते पर पहुँचे तो एक सफेद कलर की कार बीच सड़क पर खड़ी हुई थी। जिसमें 3-4 युवक सवार थे। रास्ता संकरा होने के कारण उन्होंने साइड देने के लिए पहले हॉर्न बजाया। लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने कार में लगा हूटर बजाया। जिससे कार सवार युवक भड़क गए। आरोपियों ने पहले साइड दी। लेकिन जैसे ही उनकी कार आगे निकली। बदमाशों ने पीछा करना शुरू कर दिया और कुछ दूरी पर पहुँचने पर फायरिंग कर दी। एक गोली कार की बॉडी को चीरते हुए ड्राइवर सीट के पास बैठी विमला देवी के गर्दन में जा लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से भिंड की ओर फरार हो गए। घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का पता चलते ही पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए टीमें लगाई। लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस ने घायल महिला के बेटे की शिकायत पर अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वही पुलिस का कहना है आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।