दमोह जिले में अज्ञात वन्य जीव की दहशत, ग्रामीणों में भय का माहौल

दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र की बस्ती में इन दिनों एक अज्ञात वन्य जीव की उपस्थिति से लोग भयभीत हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी वीडियो में इस जंगली जानवर को रिहायशी इलाके में घूमते हुए देखा गया है, जिसने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

हालांकि, सोशल मीडिया पर इसे तेंदुआ बताया जा रहा है, वन परिक्षेत्र अधिकारी ऋषि तिवारी ने इसे जंगली बिल्ली बताया है। कुछ दिन पहले एक घर में बंधी चार बकरियों के शिकार की घटना ने पहले ही ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया था। अब यह नया वीडियो उनकी चिंता और भी बढ़ा रहा है।

गुरुवार को वायरल हुए वीडियो में एक बिल्ली प्रजाति का वन्य जीव बस्ती में घूमता नजर आ रहा है। ग्रामीण अपनी सुरक्षा और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हालांकि, वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और पदचिन्हों व अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि वन्य जीव की सही पहचान की जा सके।

ऋषि तिवारी ने आश्वासन दिया कि वीडियो में देखा गया जानवर तेंदुआ नहीं है, बल्कि एक जंगली बिल्ली है। शुक्रवार सुबह वह टीम के साथ मौके पर पहुंचेंगे और जंगली बिल्ली अगर फिर से दिखाई देती है, तो उसे पिंजरे में कैद कर जंगल भेजने के लिए रेस्क्यू किया जाएगा।

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों और मवेशियों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी वन्य गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से अनुरोध है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और वन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।